हाईकोर्ट के आदेश के तहत, शुरू की गई कार्यवाही, प्रशासन सख्त
संदेश जगत विजयराघवगढ़। लंबे समय से रुकी हुई अतिक्रमण की कार्यवाही आखिरकार शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन जेसीबी द्वारा अतिक्रमण तोड़ने का सिलसिला शुरू किया गया और उसके बाद लोगों ने खुद से अतिक्रमण हटाने, तोड़ने का काम शुरू किया। हाईकोर्ट द्वारा विजयराघवगढ़ नगर में अतिक्रमण तोड़ने के लिए फरमान जारी किया गया था।
आज कल में लटकती रही कार्यवाही
इससे पूर्व भी कई बार नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण की जद में आने वाले मकानों, दुकानों को चिन्हित किया गया था लेकिन अतिक्रमण तोड़ने की कार्यवाही आज कल में लटकी रही। अंततः हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश पर अमल करते हुए नगर परिषद द्वारा नगर से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही पर मुहर लगा दी।
25 कि जगह 18 फुट पर चली जेसीबी
यहां बताने योग्य है कि पूर्व में 25, 25 फुट अतिक्रमण तोड़ा जाना निर्धारित था। कुछ व्यापारियों द्वारा 25 फुट नाप कर स्वयं से अतिक्रमण तोड़ भी लिया गया लेकिन उसके बाद व्यापारी वर्ग, आम नागरिकों की मांग पर 18, 18 फुट ही अतिक्रमण तोड़ने पर सहमति बनी।
शुरू हुआ अतिक्रमण जमींदोज करने का सिलसिला
पहले ही नगर परिषद द्वारा लोगों को चेताया गया था कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही होगी। यह अपेक्षा जताई जा रही थी कि लोग स्वयं से अतिक्रमण हटा लेंगे लेकिन यह जागरूकता चंद लोगों में ही दिखी। आखिरकार नगर परिषद द्वारा शनिवार को जेसीबी मशीनों के माध्यम से अतिक्रमण जमींदोज करने का क्रम शुरू किया गया। हालाकि कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण तोड़े जाने का विरोध भी किया और नगर परिषद के कर्मचारियों से उलझ भी गए लेकिन पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कार्यवाही शांति पूर्ण ढंग से आगे बढ़ी।
दूसरे दिन देखने मिली लोगों में जागरूकता
खास बात यह है कि नगर परिषद द्वारा कार्यवाही शुरू करने के बाद लोग सक्रिय हुए और रात से ही मजदूर लगा कर स्वयं से अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। कैमोर रोड से अतिक्रमण तोड़ने का कार्य शुरू हुआ जिसके बाद जेसीबी मशीन आजाद चौक, बस स्टैंड क्षेत्र, अंधा मोड तक गरजी। रविवार को नगर की तस्वीर भी बदली नजर आई तो वहीं लोगों ने जागरूकता का परिचय देते हुए स्वयं से अतिक्रमण तोड़े।
बदलेगी तस्वीर, बेहतर होगा आवागमन
ऐसा माना जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नगर के विकास के लिए सार्थक साबित होगी। मार्ग संकीर्ण होने से लोगों को हर दिन जाम की समस्या से दो चार होना पड़ता था। अब मार्ग चौड़ा होने से आवागमन की सुविधा बेहतर बन सकेगी। फिलहाल हाइकोर्ट के आदेश के परिपालन में विजयराघवगढ़ नगर में अतिक्रमण तोड़ने की कार्यवाही शुरू है।
अजय त्रिपाठी










