एक ही दिन में दो लाशें मिलने से फैली सनसनी, पुलिस कर रही मर्ग प्रकरणों की जांच

संदेश जगत कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसवारा स्थित एक खेत में 30 वर्षीय युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। वहीं ग्राम गौरहा के खेत में एक 33 वर्षीय विक्षिप्त युवक का शव पाया गया। एक ही दिन में अलग अलग स्थानों में दो लाशें मिलीं। पुलिस में शवों का पोस्टमार्टम कराने उपरांत मर्ग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा ने बताया कि ग्राम परसवारा में सुनील जयसवाल के खेत में स्थित बोर पम्प के पास एक युवती की लाश मिलने की सूचना थाने में प्राप्त हुई थी। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे जहां युवती का शव पाया गया। मृतका की शिनाख्त ग्राम परसवारा निवासी दुर्गा बर्मन पिता मुन्नालाल उम्र 30 साल के रूप में की गई। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में यह तथ्य सामने आए कि मृतका मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं थी और वह 14 मई को घर से अचानक गायब हो गई थी। इसी बीच उसकी लाश खेत में पाई गई। युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और विवेचना शुरू कर दी है।
रात में अज्ञात युवक का मिला शव
विजयराघवगढ़ थाना अंतर्गत ही ग्राम गौरहा स्थित एक खेत में भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव पाया गया। रात में युवक को लाश कौशल यादव के खेत में पेड़ के नीचे मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके कर पहुंचकर पुलिस द्वारा पंचनामा आदि तैयार किया गया और शव को सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेज दिया गया। रविवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया और मर्ग प्रकरण पुलिस ने कायम किया। पुलिस द्वारा बताया गया कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त था जो क्षेत्र में घूमता था। अज्ञात कारणों से उसकी मौत हो गई। मृतक का कफन दफन पुलिस की मौजूदगी में करा दिया गया और मर्ग प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी गई है।
अजय त्रिपाठी









