
ढोल नगाड़ों के साथ धूम धाम से निकली बारात, मंगल भवन में हुई बारातियों की आगवानी
संदेश जगत कैमोर। कैमोर नगर पंचायत में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत एक ऐतिहासिक एवं भव्य विवाह समारोह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन अपनी उत्कृष्ट व्यवस्थाओं और भव्यता के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। नगर पंचायत क्षेत्र में इस प्रकार की सुसंगठित और शानदार व्यवस्था पहले कभी देखने को नहीं मिली। नगर पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि इस सामूहिक विवाह में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन के सभी नियमों का पालन करते हुए यदि अतिरिक्त व्यवस्था की आवश्यकता पड़े तो वह भी की जाए, चाहे इसके लिए व्यक्तिगत खर्च ही क्यों न करना पड़े। उनका उद्देश्य था कि सभी बेटियों का विवाह पूरे सम्मान और धूमधाम से सम्पन्न हो।
इस सामूहिक विवाह समारोह में कुल 12 वैवाहिक जोड़ों ने विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। बारात की व्यवस्था किसी बड़े पारिवारिक विवाह से कम नहीं थी। अध्यक्ष के निर्देश पर पाँच घोड़ा गाड़ी (रथ), बैंड-बाजा, डीजे तथा अन्य सभी पारंपरिक व्यवस्थाएँ की गईं। बारात नगर पंचायत कार्यालय से निकलकर मंगल भवन पहुँची। मंगल भवन को अत्यंत आकर्षक और भव्य रूप से सजाया गया था, जिसे देखकर उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध रह गए। बाहर से आए अतिथियों एवं स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी पार्षदों का धन्यवाद व्यक्त किया और आयोजन की भरपूर सराहना की।
रिपोर्ट: श्याम गुप्ता(कैमोर)









