महीनों से खुला पड़ा नाली का गड्ढा दुर्घटना को दे रहा दावत, नगर परिषद के जिम्मेदार कुंभकर्णीय निद्रा में लीन
बरसात में गड्ढे में भर रहा पानी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा

संदेश जगत कटनी/बरही।नगरके वार्ड क्रमांक 08 स्थित स्टेशन रोड पर नाली निर्माण कार्य के दौरान बनाया गया गड्ढा पिछले कई महीनों से खुला पड़ा हुआ है। खुले गड्ढे के कारण स्थानीय लोगों और राहगीरों पर दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। आरोप है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।बरसातके दिनों में खुले पड़े नाली के गड्ढे में पानी भर गया है, जिससे आसपास दुर्गंध फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से जमा गंदे पानी के कारण मच्छरों और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद समस्या के समाधान की दिशा में अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई है। स्टेशन रोड पर लाखों रुपये की लागत से नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा हुआ है। लोगों ने निर्माण कार्य में हो रही देरी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने ठेकेदार विनय जायसवाल पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कहा कि काम बंद होने के कारण क्षेत्रवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुले गड्ढे के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी एवं प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। नागरिकों ने नाली निर्माण कार्य की जांच कराए जाने, बंद पड़े काम को शीघ्र शुरू कराने और खुले गड्ढे को तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है।









