स्टे के बावजूद करा रहे थे मकान का निर्माण कार्य, मना करने पर एकराय होकर की मारपीट
महिला ने लगाए आरोप, कहा उल्टा चोर कोतवाल को डांटे की तर्ज पर कर दी झूठी शिकायत

संदेश जगत कटनी। जमीनी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद का मामला प्रकाश में आया है। कहा सुनी से उपजे बखेड़े ने उग्र रूप लिया और मामला मारपीट तक जा पहुंचा। घटना कैमोर थाना क्षेत्र के ग्राम चरी का है जहां विवादित भूमि पर मकान निर्माण के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। ग्राम चरी निवासी निशा मांझी पति राम कुमार बर्मन ने आरोप लगाया कि सुनील उर्फ लल्लू बर्मन पिता सुरेश बर्मन, पूनम बर्मन, अंजू बर्मन, शिवकुमार पटेल, शालिग्राम पटेल, प्रहलाद पटेल लोगों ने मिलकर गाली गुप्तार करते हुए गोपी बर्मन पिता किटी माना बर्मन, निशा मांझी पति राम कुमार बर्मन, सुषमा बर्मन, प्रीति बर्मन, सुनीता बर्मन के साथ मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। महिला ने बताया कि सुरेश बर्मन के परिवार द्वारा जिस जमीन पर मकान का निर्माण कराया जा रहा है उस भूमि पर उसके ससुर का भी हिस्सा है। जमीन विवादित होने के कारण स्टे ऑर्डर भी लिया गया है। बावजूद इसके सुरेश बर्मन और उसके परिवार के लोगों द्वारा जबरन मकान का निर्माण कराया जा रहा था। जब महिला यानी निशा मांझी के ससुर ने मकान बनाने से मना किया तो उक्त आरोपित लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने परिवार के लोगों से भी मारपीट की गई। निशा मांझी ने बताया कि आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। मामले की शिकायत पीड़ित पक्ष द्वारा थाने के अलावा एसडीओपी कार्यालय में की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।









