स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम तेवरी के समीप हुआ हादसा, घटना से सनसनी
संदेश जगत कटनी। स्लीमनाबाद थानांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेवरी के समीप तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे में कालकवलित हुए मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिलहरी चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम घूघरा निवासी संतोष सेन और चंदू आदिवासी की सड़क हादसे में मौत हो गई। स्लीमनाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार समन ने बताया कि उक्त दोनों युवक मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 21 जेडई 9048 में सवार होकर तेवरी की तरफ जा रहे थे। जब बाइक सवार युवक राष्ट्रीय राजमार्ग से ग्राम तेवरी की तरफ मुड़ रहे थे तभी वहां से गुजर रहे पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 28 जी 9373 ने बाइक में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। इस घटना में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आने के कारण घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना सोमवार की दोपहर लगभग 3:30 बजे की है। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों को परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्यवाही शुरू की।
अजय त्रिपाठी










