
देवरी मझगवां में सड़क के गड्ढों में ग्रामीणों ने लगाए बेसरम के पौधे, जताया अनोखा विरोध
संदेश जगत कटनी। कैमोर-कटनी मार्ग पर स्थित देवरी मझगवा क्षेत्र की जर्जर सड़क आम जनता, वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है तथा आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। खस्ताहाल मार्ग से आवागमन करना पैदल राहगीरों सहित वाहन चालकों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। वहीं इस गंभीर समस्या की प्रशासन लगातार अनदेखी कर रहा है।
सड़क की बदहाल स्थिति और प्रशासनिक अमले की नजरअंदाजी से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करने के लिए अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सड़क के गहरे गड्ढों में बेसरम के पौधे रोपकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।सरपंच द्वारा कई बार पत्राचार भी किया गया
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई लोग चोटिल हो चुके हैं। गत दिवस एक ई रिक्शा पलट गया है, इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि लोक निर्माण विभाग एवं जिला प्रशासन तत्काल सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रवासी व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का यह अनोखा विरोध अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे प्रशासन को जगाने का प्रयास बता रहे हैं। इस प्रदर्शन में ब्रह्ममूर्ति तिवारी, हजारीलाल गौतम, ऋषभ तिवारी, आदर्श मिश्रा, जितेंद्र भूटानी, विनोद पटेल, संजू पटेल, कुलदीप गुप्ता, संदीप गुप्ता, राजकुमार कोरी, बबलू यादव, सम्मन कोरी, राजकुमार तिवारी, रामरूप पांडेय, हरिहर दाहिया, संजय कोरी, कपिल कोल, रवि पटेल, मनोज पटेल, शिवांशु अग्रवाल उपस्थित रहे।
अजय त्रिपाठी









