
कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ गरिमामय समारोह, विजयराघवगढ़ में भी कार्यक्रम का हुआ आयोजन
संदेश जगत कटनी। वर्षों तक प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनसेवा, अनुशासन और समर्पण की मिसाल कायम करने वाले राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे को कलेक्ट्रेट कार्यालय कटनी में आयोजित गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। आत्मीयता, सम्मान और संवेदनाओं से ओतप्रोत इस समारोह में श्री दुबे की सेवा निवृत्ति पर उनकी उत्कृष्ट सेवाओं को याद करते हुए उनके योगदान को सराहा गया। समारोह में कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि शासकीय सेवा केवल दायित्वों का निर्वहन नहीं, बल्कि समाज और आमजन के विश्वास को निभाने की जिम्मेदारी भी होती है। उन्होंने राजस्व निरीक्षक संतोष दुबे की कार्यशैली, ईमानदारी और प्रशासनिक अनुभव की सराहना करते हुए कहा कि श्री दुबे ने अपने सेवाकाल में पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और कर्तव्यपरायणता के साथ दायित्वों का निर्वहन किया, जो प्रशासनिक सेवा में एक प्रेरक उदाहरण के रूप में सदैव याद रखा जाएगा। इसके उपरांत विजयराघवगढ़ स्थित उनके आवास पर भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर राजस्व निरीक्षक रहे संतोष दुबे की सेवा निवृत्ति कार्यक्रम में सहभागिता की और उनके सेवाकाल की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। बताने योग्य है कि विजयराघवगढ़ निवासी संतोष दुबे का जन्म 1 जून 1964 को हुआ था। पटवारी पद पर उनकी नियुक्ति 6 मई 1989 को हुई थी। श्री दुबे को प्रथम नियुक्ति बंदोबस्त में तहसील रीठी के खमरिया हल्के में हुई थी। वहां सेवा देने के एक साल बाद उनका स्थानांतरण तहसील बरही के लिये हुआ। यहां उन्होंने लंबे समय तक सेवा दिया। श्री दुबे ने जिला कार्यालय कटनी में लगभग सात आठ वर्ष की सेवा पूरी की और विगत तीन वर्ष से नजूल शाखा कटनी में पदस्थ रहे। यहीं से उन्हें सेवा निवृत्ति मिली। श्री दुबे के पिता स्वर्गीय श्री छंगेलाल दुबे शिक्षक थे। सेवा निवृत्त राजस्व निरीक्षक श्री दुबे के परिवार में उनकी पत्नी के अलावा दो पुत्र एवं एक पुत्री हैं। सेवा से मुक्त हुए श्री दुबे ने कहा कि मुझे हमेशा वरिष्ट अधिकारियों का आशीर्वाद और सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें साथी कर्मचारियों का भी अच्छा सहयोग मिला। श्री दुबे ने बताया कि 37 वर्ष की सेवा देकर वे सेवा निवृत्त हुए।

अजय त्रिपाठी









