विजयराघवगढ़ पुलिस ने 72 घंटे में किया मर्डर का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, युवती भी शामिल, प्रेम प्रसंग बना हत्या का कारण

संदेश जगत कटनी। विजयराघवगढ़ पुलिस ने ग्राम भैंसवाही में हुए हत्याकांड का खुलासा महज 72 घण्टे में कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा और उनकी टीम में शामिल उनि.अश्वनी यादव, सउनि.जगदीश पांडेय, महिला प्रधान आरक्षक चंदा ठाकुर, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक चालक मज्जू कोल ने हत्या की वारदात से पर्दा उठाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। प्रेम प्रसंग के चलते युवती सहित उसके भाई व दो अन्य लोगों ने मिलकर युवक की हत्या किया था। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए निरीक्षक रितेश शर्मा ने बताया कि 27 अप्रैल को ग्राम भैंसवाही निवासी हरीश साहू पिता संतराम साहू उम्र 27 साल के द्वारा थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 27 अप्रैल 2026 को सुबह लगभग 11.50 बजे उसके बड़े पिताजी के बेटे रामजी साहू ने फोन में जानकारी दिया कि तुम्हारे पापा संतराम साहू ने अपने खेत की मेढ़ पर स्थित आम के पेड़ में बिजली का तार से गले में फंदा डालकर फांसी लगाकर आत्महत्या लिया है। परिजनों ने जाकर देखा तो संतराम साहू पिता राम विशाल साहू उम्र 45 साल निवासी ग्राम भैसवाही मृत अवस्था में फंदे पर लटका हुआ था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और पंचनामा आदि की कार्यवाही पूरी करने के साथ ही मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने उपरांत मर्ग प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी। डाक्टर द्वारा पीएम रिपोर्ट में नाक में गंभीर चोट होने एवं गले में बिजली का लंबा तार गले में फंसाकर जोर से खींचने के कारण श्वासनली का छल्ला (ट्रेकिया) टूटने यानी गला घोंटने से मृत्यु होना बताया गया। इसके बाद पुलिस द्वारा धारा 103(1), 61(2), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर तहकीकात शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान परिस्थिति साक्ष्य व अन्य भौतिक साक्ष्य के आधार पर तथा विश्वसनीय मुखबिर की सूचना पर ग्राम भैंसवाही निवासी श्रीमति पिंकी कोल उसके भाई रवि कोल एवं रवि कोल के साथी इत्तू भतरा व मोनू भतरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिसमें उन्होंने अपराध करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पिंकी कोल ने संतराम के चेहरे और नाक में ईंट से हमला करके उसे घायल कर दिया था। इसके बाद रवि कोल, इत्तू भतरा व मोनू भतरा के द्वारा गले में बिजली का लंबा तार फंसाकर गला घोंटकर युवक को मौत के घाट उतार दिया था। पिंकी कोल व मृतक संतराम साहू के बीच अवैध प्रेम संबंधों के कारण हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात आरोपियों द्वारा स्वीकार की गई।उक्त चारो आरोपियों को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अजय त्रिपाठी









