पुणे महाराष्ट्र में जाकर छिपा था हत्या का आरोपी, काट रहा था फरारी

आठ माह से दे रहा था चकमा, भनक लगते ही एक्टिव हुई बड़वारा पुलिस, आरोपी को दबोचा

संदेश जगत, कटनी। ग्राम नन्हवारा खुर्द में हुई हत्या के मामले में विगत 08 माह से फरार आरोपी को बड़वारा पुलिस द्वारा पुणे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पुलिस को काफी समय से तलाश थी लेकिन वह हाथ नहीं लग रहा था। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया एवं डीएसपी. हेडक्वाटर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़वारा पुलिस द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली गई। ध्यान देने योग्य है कि जून 2025 में बड़वारा थानांतर्गत ग्राम नन्हवारा खुर्द में संदीप चौधरी पिता स्व. विश्राम चौधरी उम्र 35 वर्ष निवासी नन्हवारा खुर्द की लाठी डण्डा से मारपीट करके हत्या कर दी गई थी। उक्त प्रकरण में संलिप्त एक आरोपी दीपक कोल पिता बुद्धू कोल उम्र 20 साल निवासी ग्राम नन्हवारा खुर्द, घटना दिनांक से फरार था। एसपी महोदय द्वारा फरार आरोपी दीपक कोल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को निर्देशित किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संतोष डेहरिया व नगर पुलिस अधीक्षक / प्रभारी डीएसपी हेडक्वार्टर नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में मामले के फरार आरोपी की पता तलाश के लिए थाना स्तर पर थाना प्रभारी बड़वारा कृष्ण कुमार पटेल व्दारा टीम का गठन किया गया था। मामला गंभीर प्रकृति का होने से टीम द्वारा अविलंब तत्परता से कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्य सीडीआर व मुखबिर तंत्र के माध्यम से फरारा आरोपी दीपक कोल की पतासाजी की गई। आरोपी की लोकेशन पुणे महाराष्ट में मिलते ही थाना प्रभारी द्वारा टीम को त्वरित रवाना किया गया। टीम द्वारा लोकेशन के आधार पर पहुंचकर फरार आरोपी दीपक कोल को धर दबोचा गया और उसे थाने लाकर आवश्यक कार्यवाही करने उपरांत उसे न्यायालय जेआर पर पेश किया गया है। इस कार्यवाही में थाना प्रभारी उनि. केके पटेल, सउनि विक्रम सिंह, सउनि सतेन्द्र सिंह, सायबर सेल से आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक गौरीशंकर राजपूत, आरक्षक शिवप्रकाश तिवारी की विशेष भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें