श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया महा शिवरात्रि का पावन पर्व

धूमधाम से निकली भोलेनाथ की बारात, गूंजे हर हर महादेव के जयकारे

कटनी। महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना का क्रम जारी रहा। शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी। जगह जगह धार्मिक आयोजनों, रुद्राभिषेक आदि कार्यक्रमों की धूम रही। शहर के प्रसिद्ध मधई मंदिर सहित अन्य शिवालयों में को महाशिवरात्रि का महापर्व अत्यंत हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। प्राचीन मधई मंदिर में भगवान शिव की विशेष पूजा अर्चना हुई और अभिषेक किया गया। हवन, आरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी दोपहर 3 बजे से भव्य भगवान शंकर की बारात व शोभायात्रा निकाली गई। बारात का जगह जगह स्वागत हुआ । शाम 7:30 बजे से प्रसिद्ध भजन गायक किशन भगत ने भजनो की शानदार प्रस्तुति दी । बाबा भोलेनाथ की भव्य बारात में समाजसेवी कैलाश पाठक(भोलू भैया) शिवजी की वेशभूषा में रहें। बारात नगर के मुख्य मार्गों से निकाली गई। भक्ति संगीत, झांकियों और ढोल-नगाड़ों के बीच भक्तगण हर-हर महादेव के जयघोष के साथ शामिल हुए।

शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

महाकाल सरकार सेवा समिति चांडक चौक, गुरुनानक वार्ड स्थित शिव मंदिर, हीरागंज स्थित शिव मंदिर, अधारकाप शिव मंदिर, घंटाघर शिव मंदिर, मधुर महादेव, गौरीशंकर मंदिर माधवनगर, शिव मंदिर माधवनगर, शिवमंदिर एसकेपी, शिव मंदिर दुर्गा चौक, शिव मंदिर साधूराम स्कूल, शिव मंदिर माई नदी, शिवमंदिर आरपीएफ कटनी, शिवमंदिर आरपीएफ एनकेजे, उपनगरीय क्षेत्र छपरवाह, मंगलनगर, जागेश्वरधाम कन्हवारा सहित ग्रामीण इलाकों के मंदिरों में श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ी। दिन भर शिवालयों में शिव आराधना चली।

चाक चौबंद रहीं व्यवस्थाएं

महाशिवरात्रि के आयोजन को शांति पूर्ण और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा व्यवस्थाएं पुख्ता की गई थीं। जगह जगह सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्य मंदिरों के अलावा शिव बारात के मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

विजयनाथ धाम में मची धूम, ऐतिहासिक रहा आयोजन

बरही नगर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई। यहां हजारों की संख्या में लोग भगवान भोलेनाथ की बारात देखने के लिए पहुंचे। भगवान भोलेनाथ की बारात नगर के राम मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य बाजार कमानिया गेट बस स्टैंड होते हुए विजयनाथ धाम पहुंची। बारात का जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। नगर के विजयनाथ धाम शिव मंदिर में विराजमान भूप्रकट भोलेनाथ की बारात प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष में बड़े ही धूमधाम के साथ निकाली गई। नगर में आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने बढ़.चढकऱ हिस्सा लिया। वहीं ऐतिहासिक कार्यक्रम में भूतनाथ नंदी औघड़दानी शामिल हुए जो आकर्षण का केंद्र थे। यहां भी सुरक्षा व्यवस्था में जगह-जगह पुलिस बल बड़ी संख्या में तैनात था। बहोरीबंद स्थित रूपनाथ धाम में भी भगवान भोलेनाथ की विशेष अराधना की गई। इसके अलावा हुनमत कुटी आश्रम देवरीकलां में पूजा हुई।

Leave a Comment

और पढ़ें