पुलिस ने छात्र छात्राओं को पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ, बताए नशे के दुष्प्रभाव

थाना बड़वारा अंतर्गत एनएसएस कैंप में पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित

कटनी। थाना बड़वारा अंतर्गत ग्राम बिजोरी में स्थित तिलक कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के अंतर्गत आज एक जन- जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी बड़वारा उनि के.के. पटेल द्वारा शिविर में उपस्थित छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन, साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। थाना प्रभारी द्वारा बताया गया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा एवं यातायात संकेतों का पालन अत्यंत आवश्यक है। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक, कॉल, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए छात्र-छात्राओं को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार, समाज एवं भविष्य को भी प्रभावित करता है। इसी कारण युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक एवं अनुशासित जीवन अपनाने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त थाना प्रभारी द्वारा छात्र-छात्राओं को करियर मार्गदर्शन प्रदान करते हुए पुलिस, सेना, प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, अनुशासन एवं लक्ष्य निर्धारण के महत्व पर भी मार्गदर्शन दिया गया। कार्यक्रम के अंत में छात्र- छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर दिए गए तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं कानून का पालन करने वाला नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

 

Leave a Comment

और पढ़ें