
आखिरकार कैसे पहुंच रही गांवों में मदिरा, खराब हो रहा क्षेत्र का माहौल
संदेश जगत कटनी। रीठी के ग्रामीण अंचलों में अवैध पैकारियां खुलेआम संचालित हो रही हैं। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि आखिरकार किस अधिकारी ने गांव-गांव शराब बेचने के आदेश दे दिए। जबकि मुख्यालय में लाइसेंसी देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानें संचालित हैं। बावजूद इसके गांव-गांव में गली-गली अवैध शराब की पैकारियां संचालित की जा रही हैं। जिससे गांवों का माहौल भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्राम की महिलाएं व युवतियां सड़क पर नहीं निकल पा रही हैं। खास बात तो यह है कि अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद किसी भी प्रकार की कोई मुहिम नहीं चलाई जा रही है। जिसके चलते क्षेत्र में खुलेआम यह अवैध कारोबार जमकर फलफूल रहा है।
बिगड़ी कानून व्यवस्था, फल-फूल रहे अवैध कारोबार
रीठी मुख्यालय सहित अंतर्गत आने वाले बड़गांव, सलैया, खम्हरिया, मुहांस, देवरी कला, देवगांव, हरदुआ, भरतपुर, गुरजी, बरहटा, खिरवा, डांग, सिमड़ारी, हथकुरी, हरद्वारा, उमरिया सहित सैकड़ों गांवों की गली-गली में अवैध पैकारियां संचालित हो रही हैं। बताया जाता है कि पहले तो कभी कभार एक-दो छोटे-मोटे प्रकरण बनाकर खानापूर्ति कर दी जाती थी, लेकिन ग्रामीण क्षेत्र में ऐसी किसी भी प्रकार की मुहिम को अंजाम नहीं दिया जाता है।
नजर चुराता प्रशासन
क्षेत्र में खुलेआम हो रहे अवैध कारोबार को देखकर ऐसा लगता है जैसे स्थानीय प्रशासन के अलावा जिला प्रशासन ने भी आंखें बंद कर ली हो। रीठी मुख्यालय सहित आसपास के गांवों में चल रहे अवैध कारोबार से कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं और कुछ बर्बादी की कगार पर है। इस मामले पर प्रशासन का रवैया देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार से प्रशासन नजर चुरा रहा है और वरिष्ठ अधिकारियों को गुमराह कर रहा है। सूत्रों की माने तो रीठी थाना मुख्यालय से ही जब पैकारियों में अवैध रूप से शराब पहुंचाई जाती है , तभी दबोचा जा सकता है। लेकिन इस ओर प्रशासन की नजरें इनायत नहीं कर पा रही हैं, जिससे गांवों का माहौल खराब हो रहा है।









