
विजयराघवगढ़ पुलिस ने किया रेस्क्यू, दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा

संदेश जगत कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रजरवारा नंबर 1 में हाई वोल्टेज ड्रामा कुछ इस तरह चला की युवक के रिश्तेदारों के साथ साथ पुलिस को भी परेशान होना पड़ा। दरअसल एक युवक पारिवारिक विवाद से क्षुब्ध होकर 60 फुट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। काफी देर तक मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक की सुरक्षित नीचे उतारा। जानकारी अनुसार पाली निवासी अमित विश्वकर्मा अपने रिश्तेदार यानी अपनी मौसी के यहां ग्राम रजरवारा नंबर 1 गया था। यहां किसी बात को लेकर हुए पारिवारिक विवाद से परेशान होकर युवक पानी की टंकी में चढ़ गया। ग्रामीण और रिश्तेदार युवक को नीचे उतारने के लिए मनाते रहे लेकिन युवक मानने को तैयार नहीं था। इस घटना की जानकारी लगने पर विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शर्मा स्वयं सहायक उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, सउनि जयराम साकेत, आरक्षक पप्पू प्रजापति, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नितेश सिंह, आरक्षक चालक मज्जू कोल, एनआरएस रघुनाथ साहू, नेक सिंह, संजू आदि की टीम को लेकर ग्राम रजरवारा नंबर 1 पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक युवक की जान बची इस बात की सराहना ग्रामीणों द्वारा मुक्त कंठ से की जा रही है।









