गर्मी में प्यासे नहीं रहेंगे मवेशियों और पक्षियों के कंठ, कामधेनु सेवा समिति ने की सार्थक पहल

जगह जगह रखवाई गई पानी की टंकियां, बांधे गए सकोरे, लोगों में जगाई जा रही जागरूकता की अलख

संदेश जगत विजयराघवगढ़। गर्मी के दिनों में मवेशियों और पक्षियों के कंठ प्यासे न रहें इस बात की ध्यान में रखते हुए विजयराघवगढ़ में कामधेनु सेवा समिति द्वारा सार्थक पहल की जा रही है। समिति द्वारा नगर में जगह जगह पानी की टंकियां रखवाने का पुण्य कार्य किया गया ताकि विचरण करने वाले मवेशियों को प्यासे न रहना पड़े। वहीं पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए जगह जगह सकोरे भी बंधवाए जा रहे हैं। समिति द्वारा कहा गया कि भीषण गर्मी के समय में इंसानों के साथ-साथ हमारे बेजुबान गौवंश और अन्य पशु भी प्यास से बहुत परेशान होते हैं। कई बार उन्हें पीने के लिए पानी भी आसानी से नहीं मिल पाता। इसी बात को ध्यान में रखते हुए कामधेनु सेवा समिति द्वारा एक छोटा सा जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों द्वारा आमजन से अपील की गई कि अपने घर, दुकान या मोहल्ले के बाहर एक टब/बाल्टी में पानी अवश्य रखें, ताकि रास्ते से गुजरने वाली गौ माता और अन्य पशु-पक्षी अपनी प्यास बुझा सकें। आपका यह छोटा सा प्रयास किसी बेजुबान जीव के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।सेवा, करुणा और संवेदनशीलता के संकल्प के साथ समिति द्वारा जनजागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर कामधेनु सेवा समिति अध्यक्ष आरव अंबुज मिश्रा, लकी दुबे, विजेंद्र ताम्रकार, ओम पांडे, हर्ष त्रिपाठी, कान्हा सोनी, मोनू दुबे, मिहुल, वंशु खरे, अंश मिश्रा, आदर्श गुप्ता, आदित्य आदि की उपस्थिति थी।

Leave a Comment

और पढ़ें