
झांकेश्वरी माता मंदिर से निकला भव्य जुलूस, उमड़ा जनसैलाब

संदेश जगत कैमोर। कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत कैमोर नगर में चैत्र नवरात्र के समापन के दूसरे दिन भी जवारे विसर्जन की धूम देखने को मिली। खलवारा बाज़ार स्थित झांकेश्वरी माता मंदिर से जवारे विसर्जन का भव्य जुलूस नगर भ्रमण के लिए निकाला गया, जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जुलूस में आकर्षक झांकियों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इसमें मां काली की तीन भव्य झांकियों के साथ भगवान हनुमान जी और शेर की झांकी भी शामिल रही, जिन्हें देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ लगी रही। ढोल-नगाड़ों और माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ जुलूस में शामिल हुए। यह जवारे विसर्जन जुलूस खलवारा बाज़ार स्थित झांकेश्वरी माता मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर संतोषी माता मंदिर, काली माता मंदिर एवं पेट्रोल पंप होते हुए खलवारा गांव स्थित माता की प्राचीन मढ़िया तक पहुंचा, जहां रात्रि लगभग 2 बजे विधि-विधान के साथ जवारे का विसर्जन किया गया। जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शर्बत एवं प्रसाद वितरण कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। वहीं इसके पूर्व मंदिर समिति द्वारा 51 मीटर लंबी भव्य चुनरी यात्रा भी निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। इसके साथ ही मंदिर समिति द्वारा पूरे नौ दिनों तक माता रानी की आरती-पूजन एवं प्रसाद वितरण का क्रम निरंतर जारी रखा गया, जिसमें नगर के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई। धार्मिक आयोजन निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए कैमोर पुलिस एक्टिव मोड पर थी।









