लाल तलैया में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, नहीं हुई शिनाख्त, तहकीकात में जुटी पुलिस

संदेश जगत कटनी। रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया के समीप लाल तलैया इलाके में शनिवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। शव संदिग्ध हालात में पड़ा था, सूचना पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों व राहगीरों ने तालाब के पास पड़े शव को देखकर तुरंत रीठी पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके को घेरकर जांच शुरू की। गवाहों की मौजूदगी में शव का पंचनामा तैयार कर उसे रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। शव से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। पुलिस ने शव की तस्वीरें लेकर आसपास के गांवों, बस्तियों व कटनी के अन्य थानों में गुमशुदगी के रिकार्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पड़ोसी जिलों से भी संपर्क किया जा रहा है। रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद ने बताया कि मौत के सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि मौत प्राकृतिक कारणों, आत्महत्या या हत्या से हुई है। मौके से मिले साक्ष्य भी फारेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। शव मिलने की खबर फैलते ही लाल तलैया में लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने अभी कोई पुष्टि नहीं की है। रीठी पुलिस का कहना है कि शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति 2-3 दिन से लापता है या इस हुलिए का कोई शख्स उन्हें मिला हो तो तुरंत रीठी थाने में सूचना दें।









