मरही माता मंदिर, वार्ड क्रमांक 11 विजयराघवगढ़ में बह रही धर्म की पावन सरिता
संदेश जगत कटनी। विजयराघवगढ़ के वार्ड क्रमांक 11 स्थित मरही माता मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। कथा का श्रवण करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कथावाचक आचार्य श्री अनुज कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा के माध्यम से भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया जा रहा है जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर 26 मई से धार्मिक कार्यक्रम का शुभारंभ कलश शोभा यात्रा के साथ हुआ जिसके बाद प्रतिदिन कथा व्यास द्वारा श्रद्धालुओं को कथामृत का रसपान कराया जा रहा है। कथा के दौरान भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम स्थल गुंजायमान हो जाता है। सप्तदिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह के चतुर्थ दिवस भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया। श्री कृष्ण जन्मोत्सव के भव्य और दिव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। नन्द घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की इन बधाई गीतों में भक्तगण जमकर झूमे। यह कार्यक्रम 2 जून तक आयोजित होगा। आयोजन समिति ने नगर के श्रद्धालुओं से आयोजन में सहभागिता की अपील की है।
अजय त्रिपाठी









