
पड़ोसी की लापरवाही से गई बालक की जान, विजयराघवगढ़ के वार्ड क्रमांक 15 की घटना
संदेश जगत कटनी। करंट की चपेट में आने से एक 10 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। विजयराघवगढ़ के वार्ड क्रमांक 10 में हुई घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यवाही शुरू की। जानकारी अनुसार वार्ड क्रमांक 15 के रामबाग अखाड़ा मोहल्ला निवासी सुनील कोल के घर के सामने पड़ोसी द्वारा तार बाड़ी लगाई गई है। पड़ोसी द्वारा घरेलू कनेक्शन की खींची गई तार बाड़ी की जाली के संपर्क में थी। बिजली की तार कहीं से कटी होने के कारण पूरी तार बाड़ी में करंट प्रवाहित हो रहा था। सुनील कोल का 10 वर्षीय पुत्र प्रतीक शुक्रवार को खेलते खेलते तार बाड़ी के संपर्क में आ गया जहां करंट लगने से उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर विजयराघवगढ़ पुलिस और विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्यवाही की। पुलिस द्वारा पंचनामा आदि की कार्यवाही पूरी करने उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेज दिया। यहां मृतक का शव परीक्षण कराने उपरांत अंतिम संस्कार के लिए लाश परिजनों के सुपुर्द कर दी गई और मर्ग प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ कर दी है। इस घटना की खबर प्राप्त होने पर विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने दुख व्यक्त किया है।
अजय त्रिपाठी









