बारडोली साहित्य उत्सव में जुट रहे हैं देश के वरिष्ठ साहित्यकार

पुस्तक विक्रय स्टाल के साथ कटनी के रचनाकारों की पुस्तकें भी की जाएंगी प्रदर्शित

संदेश जगत कटनी। देश के वरिष्ठ साहित्यकार आगामी 23 मार्च 2026 सोमवार को शहीद दिवस पर कटनी में आयोजित ‘ बारडोली साहित्य उत्सव ‘ में व्याख्यान, कहानी एवं कविता पाठ में सहभागिता के लिए पधार रहे हैं। म. प्र. साहित्य सम्मेलन एवं इंटैक कटनी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘ बारडोली साहित्य उत्सव ‘ का आयोजन गायत्री शक्तिपीठ एवं दुबे कालोनी के मध्य स्थित भार्गव कंपाउंड में आगामी 23 मार्च शायं 4 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर वरिष्ठ लब्धप्रतिष्ठ कवि /निबंधकार अष्टभुजा शुक्ल, कवि/कथाकार, पूर्व आई ए एस राजीव शर्मा, कवि/कथाकार उदय प्रकाश, कहानीकार / उपन्यासकार तरुण भटनागर, कवि/ कथाकार, देवेंद्र कुमार पाठक, सुविख्यात कहानीकार विमल चंद पांडे, वरिष्ठ नवगीतकार, राम निहोर तिवारी, कवि लोकनाथ, कवि विवेक चतुर्वेदी, कवि दीपक जायसवाल, नवगीतकार विभूति तिवारी एवं नवगीतकार इति शिवहरे की उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम के प्रथम चरण में व्याख्यान, द्वितीय चरण में कहानी एवं तृतीय चरण में कविता पाठ संपन्न होगा । इस अवसर पर लगाए जाने वाले पुस्तक विक्रय के स्टाल में देश के वरिष्ठ एवं चर्चित लेखकों की पुस्तकें भी क्रय किए जाने हेतु उपलब्ध रहेंगी। कटनी के रचनाकार अपनी पुस्तक भी विक्रय हेतु उक्त स्टाल पर उपलब्ध करा सकेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर कटनी के रचनाकारों की कुछ खास पुस्तकें भी अवलोकन के लिए स्थल पर प्रदर्शित की जाएंगी। नगर के साहित्यकारों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील की गई है। कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए म. प्र . साहित्य सम्मेलन कटनी इकाई के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा बताया गया कि म. प्र . साहित्य सम्मेलन कटनी इकाई के गठन उपरांत सम्मेलन के वरिष्ठ सदस्य संतोष द्विवेदी एवं समन्वयक विवेक चतुर्वेदी का आग्रह था कि कटनी इकाई द्वारा बाहर के साहित्यकारों के आतिथ्य में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाए। गत माह कटनी इकाई के संरक्षक मोहन नागवानी के साथ बांधवगढ़ प्रवास के दौरान वहां संतोष द्विवेदी से भेंट उपरांत 23 मार्च को कटनी इकाई का यह कार्यक्रम साहित्य सम्मेलन एवं इंटैक कटनी द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समय कम एवं अन्य व्यस्तताओं के कारण इस संबंध में दोनों संस्थाओं की एक संक्षिप्त बैठक अजय सरावगी के ऑफिस में करते हुए स्वागत समिति का गठन एवं श्री द्विवेदी एवं श्री चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते हुए अतिथि साहित्यकारों की सहमति प्राप्त की गई।इंटैक के मोहन नागवानी, निर्भय सिंह, अजय प्रताप सिंह बघेल, कमल राज अग्रवाल एवं राजेंद्र सिंह ठाकुर की उपस्थिति में संपन्न अनौपचारिक बैठक में कार्यक्रम स्थल, अतिथियों के आवास एवं भोजन आदि व्यवस्था का निर्धारण किया गया। आयोजन की व्यवस्था लगभग पूर्णता की ओर है। कार्यक्रम स्थल पर साहित्यिक पुस्तकों के विक्रय का स्टाल लगाने हेतु भी एक टीम पहुंचेगी, जिसके लिए कटनी के रचनाकार भी अपनी पुस्तके विक्रय हेतु उपलब्ध करा सकते हैं। साथ ही कटनी के रचनाकारों की महत्वपूर्ण पुस्तकें भी स्थल पर प्रदर्शित की जाएंगी। यह आयोजन कटनी साहित्य जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।

अजय त्रिपाठी 

Leave a Comment

और पढ़ें