
नन्हवारा कला शासकीय प्राथमिक शाला के हाल बेहाल, व्यवस्था पर खड़े हो रहे सवाल
संदेश जगत कटनी। जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत बम्हनगवां में छात्र की मौत की घटना के बाद अब ग्राम नन्हवारा कला की प्राथमिक शाला का मामला सामने आया है जिसमें प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम वासियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां विद्यार्थी जर्जर भवन में शिक्षा प्राप्त करने मजबूर हैं। इस स्कूल में अध्ययनरत छात्र छात्राओं की जान को खतरा बना हुआ है। बताने योग्य है कि शाला में शौचालय की स्थिति बेहद खराब है। यहां गंदगी का आलम होने की वजह से बच्चे खुले में शौच के लिए जाने को मजबूर हैं। और तो और स्कूल में पढ़ने जाने वाले बच्चों को पहले शाला परिसर में झाड़ू लगाना उनकी दिनचर्या में शामिल कर दिया गया है। बच्चों का कहना है कि उनसे शैक्षणिक समय पर साफ सफाई कराई जाती है और प्रधान अध्यापक द्वारा पढ़ाई पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। शिक्षक की कथित बर्बरता के कारण बच्चे मानसिक रूप से भी परेशान बताए जा रहे हैं। यही नहीं यहां जर्जर भवन को डिस्मेंटल कराने की आवश्यकता जिम्मेदारों को महसूस नहीं हो रही। बम्हनगवां की घटना के बाद यह मामला सामने आने पर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपेक्षा की है की विभाग द्वारा तत्काल निरीक्षण कर शाला एवं शौचालय की मरम्मत कराई जाए और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराई जाए। इस संबंध में चर्चा करने पर बीआरसीसी सीएस मरकाम का कहना था कि अभी इस संबंध में मुझे कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई, शिकायत मिलने पर जांच करवाई जाएगी। किसी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई कराई जाएगी। मेरे द्वारा स्कूलों के जर्जर भवनों को सुरक्षित करने संबंधी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
रिपोर्ट: पंडित जागेश्वर मिश्रा









