मातम में बदलीं ईद के त्यौहार की खुशियां, कुएं में मिला लापता नाबालिग का शव

कैमोर थाना क्षेत्र के ख़लवारा बाजार की घटना, परिजनों ने जताया हत्या का संदेह, जांच की मांग

संदेश जगत कैमोर। एक तरफ समूचे क्षेत्र में ईद के त्यौहार की खुशियां मनाई जा रही थीं वहीं कैमोर के ख़लवारा बाजार क्षेत्र निवासी मुस्लिम परिवार के घर में मातम छा गया जब उस घर की नाबालिग लड़की का शव कुएं में पाया गया। खलवारा बाजार स्थित शुक्ला मोहल्ला में पुराने भुवनेश्वरी स्कूल के समीप स्थित एक कुएं में 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। परिजनों ने बताया कि किशोरी गुरुवार की तड़के सुबह लगभग 3 बजे अचानक रहस्यमयी तरीके से लापता हो गई थी जिसकी तलाश परिजन लगातार कर रहे थे लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल रहा था। मृतका के पिता से प्राप्त जानकारी के अनुसार वह पति पत्नी मैहर में निवास करते हैं, जबकि उनकी बेटी उम्र 16 वर्ष अपने नाना-नानी के साथ खलवारा बाजार में रह कर पढ़ाई करती थी। रमज़ान माह के चलते परिवार के लोग रोज़े रख रहे थे। गुरुवार को सेहरी के लिए जब परिवार तड़के उठा, तो किशोरी घर में नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों द्वारा सूचना कैमोर थाने में दी गई। पुलिस और परिजन दोनों हो किशोरी की तलाश कर रहे थे। इसी बीच शनिवार को दोपहर खलवारा बाजार निवासी एक शुक्ला परिवार के पुराने कुएं के पास स्थानीय लोगों ने लड़की को चप्पल देखा। जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो अंदर लड़की का शब पड़ा था। लोगों ने सूचना लड़की के परिजनों सहित तत्काल पुलिस को दी।
पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और नगर परिषद के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकालने के बाद आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ भेज दिया गया। मृतका का पोस्टमार्टम कराने उपरांत पुलिस ने शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया और मर्ग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई है। परिजनों द्वारा किशोरी की हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच गंभीरता से कर रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें