उरदानी से देवराखुर्द के बीच पुल बनाने की विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने विधानसभा में रखी मांग

उबरा वृत्त के ग्रामों के तहसील में परिवर्तन के लिए भी बजट सत्र के दौरान लगाई याचिका

संदेश जगत कटनी।  ग्राम उरदानी से देवराखुर्द के बीच पुल बनाने और उबरा वृत्त के ग्रामों के तहसील में परिवर्तन के लिए विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा में याचिका लगाई। विधानसभा अध्यक्ष की अनुमति से विधायक श्री पाठक द्वारा जनहित के कार्यों को लेकर याचिका के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं। याचिका लगाते हुए विधायक श्री पाठक ने कहा कि विजयराघवगढ़ के ग्राम उरदानी से देवराखुर्द के बीच बाण सागर डैम के बैक वॉटर भराव के कारण दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक तरफ से दूसरी तरफ आने जाने के लिए लगभग 25 से 30 किलोमीटर का लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। ऐसे में स्कूल के विद्यार्थियों एवं कॉलेज के छात्र छात्राओं, एंबुलेंस, कृषि कार्यों के लिए टैक्टर, हार्वेस्टर आदि के आवागमन में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है तो वहीं लंबा चक्कर लगा कर आने जाने में समय की बर्बादी भी होती है। लोगों का आर्थिक खर्च भी बढ़ता है।क्षेत्रवासियों की असुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनके अनुरोध पर दोनों गांवों के बीच पुल बनाने की मांग विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने रखी। इसके अलावा विजयराघवगढ़ तहसील अंतर्गत आने वाले उबरा वृत्त के अधिकांश राजस्व ग्रामों क्रमशः जारारोडा, गैरतलाई, तिमुआ, इटौरा, कुटेश्वर, इटमा, महानदी हरदुआ, लखनपुरा, उबरा, धवैया, डोकरिया जिनकी तहसील मुख्यालय से दूरी 30 से 50 किलोमीटर है, जबकि बरही तहसील मुख्यालय से इनग्रामों से अत्यंत समीप एवं पहुंच मार्ग की दृष्टि से सुगम है। राजस्व व तहसील सम्बन्धी कार्यों के लिए किसानों को दूर जाना पड़ता है और परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। श्री पाठक ने याचिका में कहा कि शासन की मंशा रही है कि प्रशासनिक सीमाओं का निर्धारण जनसुविधाओं के हिसाब से होना चाहिए। अतः इन गांवों को बरही तहसील में शामिल करने की याचिका विधानसभा में लगाते हुए शासन को सूचित किया गया है।

Leave a Comment

और पढ़ें