
व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे विधायक संजय पाठक, कलेक्टर और एसपी भी थे मौजूद
संदेश जगत कटनी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन की तैयारियों का जायजा लेने विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक बरही पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा भी मौके पर मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि आगामी 28 फरवरी को मुख्यमंत्री मोहन यादव आभार रैली में शामिल होने के लिए विजयराघवगढ़ विधानसभा के बरही नगर पहुंच सकते हैं। सीएम के संभावित दौरे को लेकर राजनैतिक, प्रशासनिक, पुलिसिया, हर तरह की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी तारतम्य में सोमवार को विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक, कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के साथ बरही पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में जुटे अधिकारी और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान विधायक श्री पाठक और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वकर्मा के साथ कलेक्टर श्री तिवारी ने हेलीपेड स्थल और रोड-शो के मार्ग सहित सभा स्थल का भी निरीक्षण किया और संबंधित धिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर विजयराघवगढ़ एसडीएम विवेक गुप्ता सहित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों कि उपस्थिति थी।









