बंधी रेलवे फाटक के समीप हुआ हादसा, आक्रोशित भीड़ ने चालक को पीटा, पुलिस पर भी किया पथराव
संदेश जगत, कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधी रेलवे फाटक के समीप तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। एक तेज रफ्तार हाइवा ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से लोगों में आक्रोश पनप गया और गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर जमकर हंगामा करते हुए जहां हाइवा चालक की पिटाई कर दी तो वहीं बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस की टीम पर भी पथराव कर दिया। जानकारी के अनुसार, धरवारा निवासी राजेंद्र कोल (30) और राजा भैया कोल (30) गुरुवार की रात अपनी मोटरसाइकिल से रेलवे फाटक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाइवा क्रमांक पीबी 10 एचएन 2438 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया जब गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने हाइवा चालक को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही जब डायल 112 मौके पर पहुंची, तो भीड़ का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा। ग्रामीणों ने पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया, जिससे उसमें सवार पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। पथराव के बीच जान बचाकर भागते समय पुलिस का वाहन रेलवे फाटक से टकरा गया, जिससे फाटक भी क्षतिग्रस्त हो गया