वड़नगर से वाराणसी जा रहे सेवा यात्रियों का विजयराघवगढ़-बड़वारा में जगह-जगह आत्मीय स्वागत, युवाओं से किया संवाद, सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि युवा शक्ति के संकल्प से बाज़बूत होगी विकसित भारत की राह
विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले में सेवा यात्रियों ने किया श्रमदान, स्वच्छता के साथ विरासत संरक्षण का दिया संदेश, कैमोर में भी हुआ कार्यक्रम
संदेश जगत कटनी। भारत की युवा शक्ति केवल देश का वर्तमान नहीं, बल्कि विकसित भारत के भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं की ऊर्जा जब सेवा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जुड़ती है, तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का उपयोग राष्ट्रहित में करें। यह आह्वान खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कटनी जिले के विजयराघवगढ़ एवं बड़वारा क्षेत्र में सेवा से संकल्प अभियान के तहत वड़नगर से वाराणसी तक यात्रा कर रहे सेवा यात्रियों के स्वागत कार्यक्रमों एवं युवा शक्ति संवाद के दौरान किया।
सांसद श्री शर्मा ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि देश की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है। विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें, शिक्षा और कौशल को अपनी ताकत बनाएं तथा नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि व्यक्तिगत सफलता के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को भी समझें। सेवा भाव को जीवन का हिस्सा बनाकर युवा देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिमांग जोशी, विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
जगह जगह यात्रा का हुआ स्वागत
सेवा से संकल्प अभियान के तहत वड़नगर से वाराणसी की ओर बढ़ रहे सेवा यात्रियों का कटनी जिले में विभिन्न स्थानों पर आत्मीयता और उत्साह के साथ स्वागत किया गया। कैमोर, राखी पुरैनी गौरहा, जिजनौडी, देवराकला, भैंसवाही और कन्हवारा में नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं ने सेवा यात्रियों का स्वागत कर यात्रा के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।
ऐतिहासिक किले में किया श्रमदान, जगाई स्वच्छता की अलख
विजयराघवगढ़ पहुंचने पर सेवा यात्रियों ने क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर विजयराघवगढ़ किले का अवलोकन किया। ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने के साथ सेवा यात्रियों ने किले परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया।सेवा यात्रियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर यह संदेश दिया कि ऐतिहासिक धरोहरें केवल इतिहास की पहचान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की अमानत हैं। इनका संरक्षण और स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। श्रमदान के माध्यम से नागरिकों को सार्वजनिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता को जन-अभियान बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवाओं से संवाद कर किया प्रोत्साहित
कैमोर में आयोजित युवा संवाद विशेष रूप से युवाओं के लिए प्रेरणादायी रहा। सेवा यात्रियों ने युवाओं के साथ संवाद कर उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, अपनी क्षमता पहचानने और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया।
जनभागीदारी से जुड़ता नजर आया अभियान
वड़नगर से वाराणसी तक चल रही सेवा यात्रा में सेवा, संवाद, स्वच्छता और राष्ट्र निर्माण का संदेश एक साथ दिखाई दे रहा है। कटनी जिले में यात्रा के दौरान युवाओं से संवाद और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों का आत्मीय स्वागत इस अभियान को जनभागीदारी से जोड़ता नजर आया।










